बरकट्ठा:- प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को सुहागिन महिलाओं ने वट सावित्री पूजा बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया। सुहागिन महिलाओं ने सज धज कर बरगद पेड़ के नीचे बैठ विधि विधान से पूजा अर्चना की।

वहीं बरगद के पेड़ में मौली, धागा लपेटकर पति के दीर्घायु होने की कामना की। पूरे प्रखंड क्षेत्र में इस पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। घरों के आसपास स्थित बरगद पेड़ के पास महिलाएं समूह में एकत्रित हुई। इस दौरान सुहागिनों ने प्रसाद के रूप में गुड़,भीगे चने,आटे से बनी हुई मिठाई,खीरा,कुमकुम, रोली, मोली,पांच प्रकार के फल,पान का पत्ता,धुप,घी का दीया, एक लोटे में जल और पंखा लेकर बरगद पेड़ के नीचे विधि विधान से पूजा किया।

वहीं पूजा करा रहे पंडितों के निर्देशानुसार सुहागिनों ने जल व प्रसाद चढ़ाया और धूप तथा दीप जलाकर वृक्ष के चारों ओर मौली धागा लपेटकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूजा कर रहे पंडितों ने सत्यवान और सावित्री की मार्मिक कथा सुना कर इस पूजा का महत्व बताया। जिसके बाद सुहागिन महिलाएं अपने घर जाकर पूजा अर्चना की और पति को प्रसाद खिलाकर व पंखे की हवा देकर पति से आशीर्वाद लिया।