
बरकट्ठा। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी महेंद्र प्रसाद मंडल को पार्टी का केंद्रीय महासचिव मनोनीत किया गया है।
बोकारो में आयोजित वार्षिक अधिवेशन में पार्टी सुप्रीमो सह डुमरी विधायक टायगर जयराम महतो ने उनका मनोनयन करते हुए नई जिम्मेवारी सौंपी। पार्टी नेतृत्व द्वारा लिए गए इस निर्णय के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी है। महेंद्र प्रसाद मंडल इससे पहले पार्टी के केंद्रीय संगठन मंत्री पद पर कार्यरत थे और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।
संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र प्रसाद ने कहा कि वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने एवं पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करुंगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।