
झारखंड विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझान में हेमंत सरकार के 5 मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बन्ना गुप्ता, हफिजुल हसन अंसारी, बेबी देवी और मिथिलेश ठाकुर पीछे चल रहे हैं। सीएम की पत्नी कल्पना सोरेन भी गांडेय सीट से पीछे चल रही है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी आगे चल रहे हैं। जबकि, विपक्ष के नेता अमर बाउरी पीछे चल रहे हैं। हालांकि, मतों की गिनती अभी शुरू हुई है।
हेमंत सरकार के सभी मंत्री मैदान में हैं। कांग्रेस और झामुमो ने किसी का टिकट नहीं काटा है। चतरा सीट पर रिजर्व कैटेगरी से बाहर होने के कारण मंत्री सत्यानंद भोक्ता चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उनकी जगह राजद ने भोक्ता की बहू रश्मि प्रकाश को मैदान में उतारा है। वो भी अभी आगे चल रही हैं।
बरहेटः पहले राउंड में CM हेमंत को बढ़त
साहिबगंज जिले की बरहेट सीट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भाजपा के गमालियल हेंब्रम हैं। रुझान में हेमंत सोरेन ने बढ़त बना ली है।
यहां 20 राउंड में वोटों की गिनती होगी। 14 टेबल बनाए गए हैं। दोपहर 3 बजे के बाद फाइनल रिजल्ट आने का अनुमान है। यहां 69.50% वोटिंग हुई है, जो 2019 से एक फीसदी कम है।
अनुसूचित जनजाति यानी ST के लिए रिजर्व सीट। यहां पर आदिवासी वोटर अधिक है। दो बार से CM हेमंत सोरेन विधायक हैं। इस सीट पर 1990 के बाद से JMM चुनाव नहीं हारा है।
वहीं, भाजपा ने गमालियल हेंब्रम पर दांव खेला है। हेंब्रम पिछली बार यानी 2019 में आजसू के टिकट पर चुनाव लड़े थे। जमानत जब्त हो गई थी। वह टीचर की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए हैं।



